रांची. झारखंड की राजधानी रांची के कांके ब्लॉक स्थित चंदरा गांव की रहने वाली दिव्यानी लिंडा ने भारतीय फुटबॉल में एक नया इतिहास रच दिया है। दिव्यानी का चयन AFC U-17 महिला एशियन कप के लिए भारतीय टीम में हुआ है, जिससे वह रांची जिले की पहली ऐसी महिला खिलाड़ी बन गई हैं जो इस स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस साल झारखंड से कुल 4 खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है, जो राज्य के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
सीमित संसाधनों और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद, स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की इस होनहार खिलाड़ी ने अपने कोच अनवरूल हक (बबलू) के मार्गदर्शन में यह मुकाम हासिल किया है। दिव्यानी की यह सफलता न केवल उनके क्लब और परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि उन सभी युवा एथलीटों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में अपने सपनों को साकार करने का जुनून रखते हैं। इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
